BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /sports

ईशान किशन का तूफानी दोहरा शतक, ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी में पहली बार बनाया 700+ स्कोर

7 September 2026
ईशान किशन का तूफानी दोहरा शतक, ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी में पहली बार बनाया 700+ स्कोर

चेन्नई: एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईशान किशन की धमाकेदार 270 रनों की पारी के दम पर ईस्ट जोन ने इतिहास रच दिया. टीम ने पहली पारी में 708 रन बनाए, जो दलीप ट्रॉफी के इतिहास में ईस्ट जोन का पहला 700 से ज्यादा का स्कोर है. यह टूर्नामेंट का सातवां सबसे बड़ा टीम टोटल भी है.

इससे पहले ईस्ट जोन का दलीप ट्रॉफी में सबसे बड़ा स्कोर 561 रन था, जो टीम ने 1986 में पुणे में वेस्ट जोन के खिलाफ बनाया था. अब 40 साल बाद ईस्ट जोन ने अपने ही रिकॉर्ड को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया.

दलीप ट्रॉफी में सातवां सबसे बड़ा स्कोर

ईस्ट जोन का 708 रन का स्कोर दलीप ट्रॉफी के इतिहास में सातवां सबसे बड़ा टोटल है. इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर नॉर्थ जोन के नाम है. टीम ने 1987 में 868 रन बनाए थे.

दलीप ट्रॉफी के 10 सबसे बड़े टोटल:

  1. नॉर्थ जोन – 868 रन, 1987
  2. वेस्ट जोन – 769 रन, 2010
  3. वेस्ट जोन – 747 रन, 1991
  4. साउथ जोन – 740 रन, 1986
  5. नॉर्थ जोन – 729/9 घोषित, 1991
  6. नॉर्थ जोन – 716 रन, 1994
  7. ईस्ट जोन – 708 रन, 2026
  8. नॉर्थ जोन – 708/8 घोषित, 2001
  9. नॉर्थ जोन – 708/9 घोषित, 1993
  10. इंडिया ब्लू – 707 रन, 2016

ट्रिपल सेंचुरी से चूक गए ईशान किशन

साउथ जोन के खिलाफ फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने 270 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि वह तिहरा शतक लगाने से 30 रन दूर रह गए. उनकी इस पारी ने ईस्ट जोन को पहली पारी में विशाल स्कोर तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई.

ईस्ट जोन ने अपनी पारी में कुल 163 ओवर बल्लेबाजी की और 708 रन पर ऑलआउट हुई.

वैभव-ईश्वरन ने दी शानदार शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 88 गेंदों में 100 रन जोड़े.

वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद ईश्वरन ने शिखर मोहन के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े.

ईश्वरन ने 86 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 72 रन की पारी खेली. इसके बाद ईस्ट जोन ने 147 के स्कोर पर सुदीप कुमार को 6 रन के निजी स्कोर पर गंवा दिया.

ईशान ने संभाली पारी, कुशाग्र के साथ बड़ी साझेदारी

147 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान ईशान किशन ने पारी को संभाला. उन्होंने शिखर मोहन के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की. शिखर ने 3 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 85 रन बनाए.

इसके बाद ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने ईस्ट जोन की पारी को और मजबूत किया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की शानदार साझेदारी हुई.

ईशान की 270 रनों की पारी के दम पर ईस्ट जोन ने 708 रन बनाकर दलीप ट्रॉफी में नया इतिहास रच दिया.