माउंट किलिमंजारो पर लहराया तिरंगा: उत्तराखंड के नन्हें पर्वतारोही रियांश और प्रिशा से मिले सीएम धामी; कहा- बच्चों का साहस युवाओं के लिए मिसाल

देहरादून: अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले उत्तराखंड के नन्हें पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कम उम्र में बड़ी चुनौती पार की, युवाओं के बनेंगे प्रेरणा स्रोत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों बच्चों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी बेहद चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना सामान्य बात नहीं है। यह उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और मजबूत आत्मविश्वास को दर्शाता है।
सीएम ने कहा, "रियांश और प्रिशा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।"
साहसिक खेलों में राज्य का नाम रोशन कर रहे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, सामर्थ्य और जज्बे की कोई कमी नहीं है। आज प्रदेश की युवा पीढ़ी पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य की अलग पहचान बना रही है।
प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत
मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल और साहसिक पर्यटन से जुड़े युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे भविष्य में भी देश और दुनिया में प्रदेश का परचम लहरा सकें।
