LPG Booking Rules Change: घरेलू गैस उपभोक्ताओं को सरकार की बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर

नई दिल्ली: देशभर के करोड़ों घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के नियमों में बड़ा संशोधन किया है. नए आदेश के तहत, अब देश के शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच का अनिवार्य अंतराल घटाकर एक समान 25 दिन कर दिया गया है. यह नया नियम तत्काल प्रभाव से देशभर में लागू हो गया है.
मंत्रालय ने सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs)— इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) को इस संशोधित नीति को तुरंत प्रभाव से लागू करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं.
ग्रामीण उपभोक्ताओं को सबसे बड़ी राहत, 20 दिन पहले मिलेगा सिलेंडर
सरकार के इस फैसले का सबसे सीधा और बड़ा फायदा ग्रामीण भारत के परिवारों को मिलने जा रहा है. दरअसल, मांग को नियंत्रित करने और जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 45 दिनों का कड़ा गैप तय किया हुआ था.
अब इस वेटिंग पीरियड को 45 दिन से घटाकर सीधे 25 दिन कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि ग्रामीण उपभोक्ता अब अपनी पिछली बुकिंग के 20 दिन पहले ही नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे. वहीं, शहरी उपभोक्ताओं के लिए यह समयसीमा पहले की तरह ही 25 दिन बनी रहेगी.
क्यों लगाया गया था 45 दिन का प्रतिबंध?
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी के अनुसार, पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में उपजे भू-राजनीतिक संकट के चलते वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और एलपीजी आपूर्ति पर अचानक भारी दबाव आ गया था. उस समय बाजार में गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के मकसद से सरकार ने मार्च में ग्रामीण इलाकों में दो रिफिल के बीच 45 दिनों का सख्त नियम लागू किया था, ताकि सभी जरूरतमंदों तक गैस पहुंच सके.
सरकार ने अब क्यों दी ढील? ये हैं 3 बड़ी वजहें
मंत्रालय के अनुसार, अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और पाबंदी हटाने के पीछे मुख्य रूप से तीन कारण हैं:
- सप्लाई में बड़ा सुधार: देश में अब घरेलू एलपीजी की सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य और मजबूत हो चुकी है.
- खत्म हुआ बैकलॉग: गैस वितरण एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स पर सिलेंडरों का पुराना बैकलॉग 100% क्लियर हो चुका है.
- घरेलू रिफाइनरियों का बढ़ा उत्पादन: देश की तेल रिफाइनरियों ने अपनी उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी कर पर्याप्त एलपीजी बफर स्टॉक तैयार कर लिया है.
'पैनिक बुकिंग की जरूरत नहीं, 2.5 दिन में हो रही डिलीवरी'
सरकार ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए साफ किया है कि देश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है. मौजूदा समय में बुकिंग के बाद उपभोक्ता के घर तक सिलेंडर पहुंचने में औसतन महज 2.5 दिन का समय लग रहा है. इसलिए ग्राहकों को घबराने या पैनिक होकर गैर-जरूरी एडवांस बुकिंग करने की कोई आवश्यकता नहीं है.
