उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी पहल, सीएम धामी ने शुरू की ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’

देहरादून: प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों में बाधा न आने देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और जरूरी संसाधन ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे।
कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवा परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित कई परीक्षाएं शामिल हैं।
इसके अलावा युवाओं को सामान्य प्रवेश परीक्षा (CUET), प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा (CAT), अभियांत्रिकी में स्नातक अभिरुचि परीक्षा (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा खास फायदा
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। अब गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए उन्हें देहरादून, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
युवा घर बैठे ऑनलाइन विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। सरकार की इस पहल से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
