PM मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता, Su-57 फाइटर जेट पर डील संभव

नई दिल्ली: भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। करीब 45 मिनट तक चली इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने के साथ व्यापार, ऊर्जा, रोजगार और रक्षा सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें तमिल की प्रसिद्ध रचना 'तिरुक्कुरल' का रूसी अनुवाद भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में रक्षा सहयोग को लेकर भी अहम बातचीत हुई। भारत द्वारा रूस से Su-57 स्टेल्थ फाइटर जेट खरीदने की संभावना पर चर्चा होने की खबर है। इसके अलावा रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की शेष खेप की आपूर्ति और ब्रह्मोस-NG जैसे रक्षा प्रोजेक्ट्स पर भी बातचीत हुई।
Su-57 को रूस का अत्याधुनिक स्टेल्थ फाइटर जेट माना जाता है। अगर इस दिशा में कोई बड़ा समझौता होता है, तो यह भारत-रूस रक्षा साझेदारी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर चर्चा हुई। व्यापार के साथ ऊर्जा, परमाणु क्षेत्र और रोजगार जैसे मुद्दे भी बातचीत के अहम हिस्से रहे।
भारत और रूस के बीच लंबे समय से रक्षा और रणनीतिक सहयोग के मजबूत संबंध रहे हैं। ऐसे में मोदी-पुतिन की यह बैठक दोनों देशों के बीच भविष्य के आर्थिक और रक्षा सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
