BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /uk

हरिद्वार में संतों ने काटा 76 किलो बूंदी का केक, 'मानव सेवा दिवस' के रूप में मनाया गया PM नरेंद्र मोदी का जन्मदिन

17 September 2026
हरिद्वार में संतों ने काटा 76 किलो बूंदी का केक, 'मानव सेवा दिवस' के रूप में मनाया गया PM नरेंद्र मोदी का जन्मदिन

हरिद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। संतों और श्रद्धालुओं ने विभिन्न धार्मिक व सेवा प्रकल्पों का आयोजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इस दौरान हरिद्वार के मिश्री मठ में साधु-संतों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 'मानव सेवा दिवस' के रूप में मनाते हुए 76 किलो बूंदी से बना विशेष केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।

राम मंदिर निर्माण सनातन के उत्थान का बड़ा उदाहरण: करौली शंकर महाराज

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से लेकर सनातन संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने तक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा, "अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण इसका जीवंत उदाहरण है। यह कार्य बिना किसी रक्तपात और संघर्ष के शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ, जिसकी आज पूरी दुनिया सराहना कर रही है।" उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है। इसी प्रेरणा से संत समाज ने भी जरूरतमंदों की सेवा और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया है।

सेवा और जनकल्याण ही जन्मदिन का वास्तविक संदेश: महंत गोविंद दास

बड़ा अखाड़ा के कारोबारी महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि संत समाज प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प के साथ खड़ा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद तबके की सहायता को प्राथमिकता दें।

मां मनसा देवी मंदिर में विशेष महायज्ञ, बांटी गई मिठाई

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महायज्ञ का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी के सानिध्य में संतों ने आहुतियां डालकर देश की समृद्धि और प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन की कामना की। अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद व मिठाइयां बांटी गईं।

7 अक्टूबर को गांधीनगर में श्री कृष्ण जन्मभूमि अनुष्ठान

इस मौके पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को गांधीनगर (गुजरात) में 'श्री कृष्ण जन्मभूमि अभियान' को लेकर एक भव्य और विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश भर के प्रमुख संत-महात्मा हिस्सा लेंगे।