हरिद्वार बस अड्डे पर सरेआम गुंडागर्दी: चाचा की बेरहमी से पिटाई करने वाले भतीजे और उसके साथी को भीड़ ने कूटा

हरिद्वार |उत्तराखंड के हरिद्वार बस अड्डे पर रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सहारनपुर से हरिद्वार पहुंचे दो युवकों ने अपने साथ आए एक व्यक्ति (कथित चाचा) की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह अधमरा हो गया। मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति के कपड़े तक उतर गए और वह सड़क पर बिना कपड़ों के दर्द से कराहता रहा।
बुजुर्ग की यह हालत देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने दोनों युवकों को मौके पर ही धर दबोचा और उनकी जमकर धुनाई कर दी। घटना 27 अगस्त की रात की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अड्डे के पास काफी देर तक हंगामा चलता रहा। दोनों युवक एक व्यक्ति को बेरहमी से पीट रहे थे। मारपीट की वजह से पीड़ित व्यक्ति सड़क पर असहाय होकर गिर पड़ा और उठने की स्थिति में भी नहीं रहा।
आसपास के लोग जब मौके पर जमा हुए और घायल की हालत देखी, तो उन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर युवकों ने घायल व्यक्ति को अपना सगा चाचा बताया। युवकों ने भीड़ को सफाई देते हुए कहा कि 'चाचा उन्हें बहुत परेशान करता था, इसलिए उन्होंने उसकी पिटाई की।'
युवकों की यह बात सुनकर मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया कि उन्होंने अपने ही चाचा के साथ ऐसी हैवानियत की। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने दोनों युवकों को आड़े हाथों लिया और बीच सड़क पर दोनों की जमकर पिटाई कर डाली।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ के हत्थे चढ़े दोनों युवक हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते और माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वे भीड़ से कह रहे हैं कि वे घायल चाचा को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाकर दवाई दिलाएंगे और सुरक्षित घर वापस ले जाएंगे। हालांकि, विवाद की असली जड़ क्या थी, इसकी पूरी सच्चाई अभी सामने नहीं आ सकी है।
इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए मिली। मामले की पुष्टि करते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया है। युवकों और पीड़ित की शिनाख्त की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
