‘हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और भारतीयता की पहचान’: हिंदी दिवस पर बोले सीएम पुष्कर सिंह धामी

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'हिंदी दिवस' के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में हिंदी को सांस्कृतिक भावनाओं की संवाहक और भारतीयता की मूल पहचान बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी सिर्फ संवाद और बातचीत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिंदी भाषा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सदैव अग्रणी रही है। यह भाषा 'विविधता में एकता' की हमारी मूल भावना को गहराई से सशक्त करती है।
मुख्यमंत्री ने हिंदी के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिंदी ने समूचे राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का अभूतपूर्व कार्य किया था। इसने जन-जन में आजादी की अलख जगाई और भारतीय समाज को जोड़कर सामाजिक चेतना का संचार किया। आज भी यह भाषा विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों के बीच सेतु का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और इसे प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे अपनी मातृभाषा और राजभाषा के गौरव को बनाए रखने के लिए अपने दैनिक जीवन, पठन-पाठन और कार्यक्षेत्र में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने का संकल्प लें।
