5,055 मीटर लंबी मेज और 20 हजार लोग: रोमानिया ने बनाया गिनीज रिकॉर्ड, बच्चों के पहले मनोरोग अस्पताल के लिए जुटाया दान

बुखारेस्ट: रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में शनिवार को एक ऐसा आयोजन हुआ, जिसने न सिर्फ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया, बल्कि एक बड़े सामाजिक मकसद को भी पूरा किया। 'यूनाइटिंग टेबल' नाम के इस कार्यक्रम में 5,055 मीटर लंबी मेज लगाई गई, जिसके इर्द-गिर्द करीब 20 हजार लोग एक साथ बैठे।
यह मेज यूनिरी बुलेवार्ड से लेकर संविधान चौक तक फैली हुई थी और इसे पूरी तरह पुनर्चक्रित (रीसाइकिल्ड) सामग्री से तैयार किया गया था। इसी श्रेणी में यह अब दुनिया की सबसे लंबी मेज का गिनीज रिकॉर्ड रखती है। आयोजन स्थल के सामने कम्युनिस्ट दौर की विशाल संसद भवन इमारत मौजूद थी, जिसने पूरे नजारे को और भव्य बना दिया।
मेजें फूलों और खाने-पीने की चीजों से सजी रहीं
आयोजन में शामिल हुए हजारों लोगों के लिए मेजों को फूलों और खाने-पीने की चीजों से सजाया गया था। रोमानिया की 'ब्लूम द वर्ल्ड एसोसिएशन' को इस रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र सौंपा गया।
मौके पर मौजूद गिनीज की वरिष्ठ निर्णायक जोआन ब्रेंट ने कहा कि इस रिकॉर्ड को केवल एक उपलब्धि के तौर पर नहीं, बल्कि एक वास्तविक सामाजिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया गया है। संगठन की प्रतिनिधि एलेक्सा विल्कान ने बताया कि उनका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को बच्चों के पहले मनोरोग अस्पताल के लिए दान देने को प्रेरित करना है।
पिछला रिकॉर्ड भी इसी संगठन के नाम था
दिलचस्प बात यह है कि सबसे लंबी मेज का पिछला रिकॉर्ड भी ब्लूम द वर्ल्ड के ही नाम था। पिछले साल इसी तारीख को मध्य रोमानिया के अल्बा इउलिया में 2,782 मीटर लंबी मेज लगाई गई थी। इस बार संगठन ने अपने ही रिकॉर्ड को लगभग दोगुना कर दिया।
कहां खर्च होगी जुटाई गई रकम
आयोजन से जुटाई गई रकम मेट्रोपोलिस फाउंडेशन के जरिए ओब्रेगिया अस्पताल परिसर में बनने वाली नई बाल मनोरोग सुविधा पर खर्च की जाएगी।
- आकार और लागत: यह सुविधा 3,900 वर्ग मीटर में पांच मंजिलों पर बनेगी, जिसकी लागत करीब 1.65 करोड़ यूरो है। यह रकम निजी दान और प्रायोजकों से जुटाई जा रही है।
- क्या-क्या होगा: इसमें व्यावसायिक चिकित्सा और वर्चुअल रियलिटी कक्ष, संवेदी तथा शैक्षणिक स्थान, विश्राम क्षेत्र और किशोरों के लिए नशा-मुक्ति विभाग शामिल होंगे।
- कब तक बनेगी: निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्यों पड़ी इस अस्पताल की जरूरत
रोमानिया में गंभीर मानसिक विकार वाले बच्चों के मामले 2018 के 3,839 से बढ़कर 2024 में 5,600 से ऊपर पहुंच गए हैं। इनमें अवसाद, व्यवहार संबंधी विकार, नशे की लत, ऑटिज्म और एडीएचडी जैसे मामले शामिल हैं। मौजूदा क्लिनिक में सिर्फ 62 बिस्तर हैं, कई वार्डों में अलग बाथरूम तक नहीं है और निजता की भी कमी है। नई सुविधा से हर साल 5,700 से अधिक बच्चों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
यूरोस्टैट के अनुसार 2023 में रोमानिया का स्वास्थ्य खर्च जीडीपी का 5.7 फीसदी रहा, जबकि यूरोपीय संघ का औसत करीब 10 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्री अलेक्जांद्रु रोगोबेते ने नई सुविधा के लिए उपकरण और फर्नीचर उपलब्ध कराने का वादा किया है।
