BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /uk

देहरादून: प्रेमी की सगाई की खबर सुनकर बौखलाई प्रेमिका, 5 लाख में शूटर हायर कर करवाया जानलेवा हमला

12 September 2026
देहरादून: प्रेमी की सगाई की खबर सुनकर बौखलाई प्रेमिका, 5 लाख में शूटर हायर कर करवाया जानलेवा हमला

देहरादून: राजधानी के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुए जानलेवा हमले का पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सत्यम की किसी अन्य युवती से सगाई होने से नाराज उसकी पूर्व प्रेमिका ने ही उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। इसके लिए लक्सर के एक बदमाश को 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य शूटर सहित पूर्व प्रेमिका और साजिश में शामिल उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

सगाई और सोशल मीडिया पर ब्लॉक करने से भड़की थी पूर्व प्रेमिका

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मालिया रहमान वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बैंककर्मी सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। वर्ष 2023 में मालिया ने पारिवारिक दबाव में सहारनपुर के एक युवक से निकाह कर लिया, लेकिन वह सत्यम के लगातार संपर्क में रही। हालांकि, बाद में उसका निकाह टूट गया।

वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून शिफ्ट हो गया और फरवरी 2026 में उसने एक अन्य युवती से सगाई कर ली। सगाई के बाद सत्यम ने मालिया से बातचीत बंद कर दी और उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

5 लाख में तय हुआ सौदा, 1.20 लाख रुपये दिए एडवांस

पुलिस जांच में सामने आया कि मालिया ने अपने परिचित मोहित के जरिए लक्सर निवासी शातिर बदमाश अंकित चौहान से संपर्क किया। सत्यम की हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 1.20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए। हत्या को अंजाम देने के लिए मालिया ने शूटर अंकित को सत्यम की तस्वीर और उसके बैंक कार्यालय की पूरी रेकी से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई थी।

8 सितंबर को दिया था वारदात को अंजाम

बीती 8 सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित अपने घर लौट रहा था। तभी जिओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी रुकवाई और सत्यम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली

सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश चाय बागान की पगडंडी की तरफ भागे और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर अंकित के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

तमंचा और बिना नंबर की बाइक बरामद

पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान और बिचौलिए मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। घायल शूटर अंकित के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खाली खोखे और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी अंकुर की तलाश में दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।