BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /uk

गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर दर्दनाक हादसा: पैर फिसलने से नदी के तेज बहाव में बहे महाराष्ट्र के बुजुर्ग, बर्फबारी से रुका रेस्क्यू

26 September 2026
गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर दर्दनाक हादसा: पैर फिसलने से नदी के तेज बहाव में बहे महाराष्ट्र के बुजुर्ग, बर्फबारी से रुका रेस्क्यू

उत्तरकाशी/गंगोत्री:
उत्तराखंड के गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर चीड़बासा के आगे एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। महाराष्ट्र से ट्रैकिंग के लिए आए 63 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु का पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरे और नीचे बह रही नदी के तेज बहाव में लापता हो गए। सूचना मिलने पर शनिवार को वन विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन इलाके में भारी बारिश और अचानक शुरू हुई बर्फबारी के चलते अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा।

12 किमी की ट्रैकिंग के बाद कच्चीढांग के पास फिसला पैर
गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को महाराष्ट्र निवासी रामकुमार हनुमान गुप्ता (उम्र 63 वर्ष) अपने बेटे विशाल राम कुमार और तीन अन्य साथियों—दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल और निखिल सुरेश के साथ गोमुख ट्रैक के लिए रवाना हुए थे।

दोपहर बाद करीब 12 किलोमीटर की चढ़ाई पूरी करने के बाद चीड़बासा से करीब दो किमी आगे 'कच्चीढांग' के समीप अचानक रामकुमार गुप्ता का संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया। वह सीधे गहरी खाई में जा गिरे और नीचे नदी के तेज जलप्रवाह में बह गए।

देर शाम कनखू बैरियर पहुंचकर दी सूचना
हादसे के बाद सदमे में आए बेटे और उनके साथियों ने देर शाम तक गंगोत्री की ओर वापस लौटकर कनखू बैरियर पर वन विभाग की टीम और पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बर्फबारी और बारिश बनी रेस्क्यू में बाधा
घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह तड़के वन विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने खाई से लेकर नदी के तटीय इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल सका।

इसी बीच ऊंचाई वाले क्षेत्र में तेज बारिश के साथ अचानक भारी बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे सर्च ऑपरेशन में भारी मुश्किलें आने लगीं। मौसम खराब होता देख सुरक्षा कारणों से टीम को अभियान रोककर गंगोत्री वापस लौटना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि मौसम साफ होने पर रविवार सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।