रुड़की के झबरेड़ी कलां में डबल मर्डर: सगी बहन और युवक को उतारा मौत के घाट, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

रुड़की (हरिद्वार):
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक सिरफिरे युवक ने अपनी ही सगी बहन और पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों को लहूलुहान हालत में रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है, जिसके बाद एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है।
शनिवार सुबह 8:30 बजे घर में घुसकर बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। 20 वर्षीय आरोपी अमन उर्फ भरोसी सिंह ने पहले अपने पड़ोसी और रिश्ते में चचेरे भाई 24 वर्षीय सूरज उर्फ मुन्ना पर तमंचे से गोली चलाई। इसके तुरंत बाद उसने अपनी 22 वर्षीय सगी बहन रूपा के सीने में गोली दाग दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण दोनों ने दम तोड़ दिया।
गांव में तनाव, आरोपी की तलाश में 3 पुलिस टीमें जुटीं
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात अभय कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। किसी भी तरह के उपद्रव या जातीय तनाव को रोकने के लिए गांव में तत्काल पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर पुलिस ने अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें दबिश दे रही हैं।
आपराधिक किस्म का है आरोपी, जेल भी काट चुका है
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमन बेहद आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है और उसके एक स्थानीय आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की भी सूचना है। वह वर्ष 2024 में भी फायरिंग के एक मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। प्राथमिक जांच के अनुसार, अमन को शक था कि उसकी बहन रूपा और चचेरे भाई सूरज के बीच प्रेम संबंध हैं। इसी रंजिश और गुस्से में आकर उसने दोनों की हत्या की खौफनाक योजना बनाई।
एसएसपी का बयान:
"प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अमन को अपनी बहन और परिवार के ही चचेरे भाई के बीच प्रेम-प्रसंग का शक था, जिसके चलते उसने दोनों को गोली मार दी। आरोपी पहले भी फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है और आपराधिक किस्म का है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"
- नवनीत भुल्लर, एसएसपी (हरिद्वार)
