जापान: एशियन गेम्स से पहले भारी बारिश से बाढ़, 400 एथलीट सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

Floods in Japan:जापान के आइची-नागोया शहर में 'एशियन गेम्स 2026' के आगाज से ठीक 10 दिन पहले कुदरत का कहर देखने को मिला है। मंगलवार, 8 सितंबर को हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। सड़कों से लेकर रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है, जिससे बस और सबवे जैसी परिवहन सेवाएं बुरी तरह बाधित हुई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 3,500 लोगों को आपातकालीन राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
एशिया के इस सबसे बड़े खेल महाकुंभ की मेजबानी कर रहे नागोया शहर के लिए यह स्थिति बड़ी प्रशासनिक चुनौती बनकर उभरी है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि खेलों का आयोजन तय शेड्यूल के मुताबिक ही होगा।
400 एथलीट और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
नागोया के मेयर इचिहिरो हिरोसावा ने जानकारी दी कि भारी जलभराव और मौसम की गंभीरता को देखते हुए करीब 400 एथलीटों व खेल स्टाफ सदस्यों को एहतियातन सुरक्षित और ऊंचाई वाले स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
समाचार एजेंसी एपी (AP) के मुताबिक, कुछ स्थानों पर इमारतों की छतों से पानी टपकने की भी शिकायतें आई हैं। मेयर हिरोसावा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमें खेल स्थलों (वेन्यू) की स्थिति को लेकर कोई चिंता नहीं है। हमारा पूरा विश्वास है कि योजना के अनुसार एशियन गेम्स का सफल आयोजन कराने में कोई रुकावट नहीं आएगी।"
उल्लेखनीय है कि 20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।
इस बीच, भारत के खेल मंत्रालय ने भी एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय दल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भारत की ओर से 503 एथलीट पदक की दावेदारी पेश करेंगे, जिनके साथ 246 सदस्यों का मजबूत सपोर्ट स्टाफ भी जापान रवाना हो रहा है।
प्रमुख खेलों में भारतीय दल का विवरण:
- शूटिंग: स्टार शूटर मनु भाकर की अगुवाई वाले शूटिंग दल के साथ 17 सपोर्ट स्टाफ (11 कोच सहित) मौजूद रहेंगे।
- बैडमिंटन: 20 सदस्यीय बैडमिंटन टीम का मार्गदर्शन मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद करेंगे। उनके साथ विदेशी कोच इरवानस्याह (इंडोनेशिया) और टैन किम हर (मलेशिया) भी शामिल होंगे।
- हॉकी: 40 सदस्यीय हॉकी टीम (पुरुष व महिला) के साथ 14 सपोर्ट स्टाफ जाएंगे, जिनमें 6 कोच और 3 फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हैं।
- क्रिकेट: पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के साथ कुल 20 सदस्यों के सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी गई है।
- एथलेटिक्स: ट्रैक एंड फील्ड दल के साथ 31 सदस्यों का सपोर्ट स्टाफ खिलाड़ियों की मदद के लिए मौजूद रहेगा।
