BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /business

नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें, एविएशन कंपनी ने मांगा 3 करोड़ का हर्जाना

8 September 2026
नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें, एविएशन कंपनी ने मांगा 3 करोड़ का हर्जाना

नोरा फतेही पर 3 करोड़ की मानहानि का केस, चार्टर्ड विमान को बताया था ‘लेगो एयरप्लेन’

हैदराबाद: बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही मुश्किल में घिरती नजर आ रही हैं. एविएशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने गांधीनगर की अदालत में उनके खिलाफ 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है. कंपनी का आरोप है कि एक्ट्रेस की सोशल मीडिया पर की गई कथित अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों से उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा है. मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी.

क्या है पूरा मामला?

ड्यून्स एविएशन की ओर से दायर मुकदमे के मुताबिक, नोरा फतेही ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान कंपनी के सेसना साइटेशन CJ2 चार्टर्ड विमान में वीडियो बनाए थे. इन वीडियो में उन्होंने विमान को छोटा और खिलौने जैसा बताया था. उन्होंने विमान के लिए ‘लेगो एयरप्लेन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया और वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया.

कंपनी का कहना है कि नोरा फतेही के इंस्टाग्राम पर करीब 4.65 करोड़ फॉलोअर्स हैं. ऐसे में उनके कमेंट का व्यापक असर पड़ा और कंपनी की छवि को नुकसान पहुंचा.

बुकिंग में 15-20 फीसदी गिरावट का दावा

मुकदमे में ड्यून्स एविएशन ने दावा किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उसकी बुकिंग में 15 से 20 फीसदी की गिरावट आई और कैंसिलेशन बढ़ गया. कंपनी ने कहा कि इससे उसके व्यावसायिक कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ा.

कंपनी के अनुसार, जिस विमान में नोरा फतेही ने यात्रा की थी, वह मानकों के अनुरूप था. विमान डीजीसीए से प्रमाणित था और उड़ान के लिए सुरक्षित था. कंपनी ने यह भी कहा कि विमान वैध एनएसओपी के तहत कानूनी रूप से संचालित किया जा रहा था.

कंपनी ने कोर्ट से क्या मांगा?

ड्यून्स एविएशन ने 3 करोड़ रुपये के हर्जाने के अलावा अदालत से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित पोस्ट और विमान से जुड़ी सामग्री हटाने का निर्देश देने की मांग की है. कंपनी ने नोरा फतेही की ओर से सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग भी की है.

यह मुकदमा इस साल अप्रैल में दायर किया गया था. मामले की सुनवाई गांधीनगर के सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में होगी. फिलहाल नोरा फतेही की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.