BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /uk

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: रविवार तक चारधाम यात्रा स्थगित, ऋषिकेश में रोके गए श्रद्धालु

26 September 2026
उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: रविवार तक चारधाम यात्रा स्थगित, ऋषिकेश में रोके गए श्रद्धालु
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद गढ़वाल आयुक्त का फैसला, यात्रियों को सुरक्षित ट्रांजिट कैंपों में ठहरने के निर्देश

ऋषिकेश/देहरादून:
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के निर्देश पर चारधाम यात्रा को एहतियातन रविवार तक के लिए पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड जारी करने पर लगी रोक
गढ़वाल आयुक्त एवं चारधाम यात्रा प्रबंधन व नियंत्रण संगठन की ओर से आदेश जारी होते ही परिवहन विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। आदेश के बाद ऋषिकेश स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (ARTO) में चारधाम जाने वाले वाहनों के लिए बनने वाले ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड जारी करने का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।

ट्रांजिट कैंपों में ठहराए जा रहे हैं यात्री
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ऋषिकेश, रावत सिंह कटारिया ने बताया कि उच्चाधिकारियों से आदेश मिलने के बाद यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। शनिवार दोपहर से रविवार तक किसी भी नए वाहन या यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। ऋषिकेश पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षा के लिहाज से बनाए गए ट्रांजिट कैंपों और सुरक्षित स्थलों पर ठहरने के लिए कहा गया है।

मौसम सामान्य होने पर ही आगे बढ़ सकेंगे श्रद्धालु
प्रशासन ने पर्वतीय मार्गों पर लगातार गिर रहे मलबे और बारिश के मद्देनजर यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम साफ होने तक यात्रा मार्गों पर जाने से बचें और जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थानों पर रुकें। स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और मौसम अनुकूल होने के बाद ही चारधाम यात्रा को दोबारा सुचारू करने पर फैसला लिया जाएगा।