उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, CM धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर सभी संबंधित जिलों और विभागों को जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने के साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों को तत्काल स्थानीय स्तर तक पहुंचाने को कहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी सूचना के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा उत्तराखंड के नौ अन्य जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है। संबंधित अधिकारियों को आपदा प्रबंधन सेवाओं को पूरी तरह तत्पर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विभागों को मौसम की स्थिति को देखते हुए उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इन नंबरों पर दी जा सकती है आपदा की सूचना
आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
- 01334-223999
- 1077 (टोल फ्री)
- 7055258800
- 9528250926
प्रशासन ने अधिकारियों से आपदा संबंधी सूचनाएं समय पर केंद्र तक पहुंचाने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।
अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि 25 सितंबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। वहीं नौ जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई थी।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना भी बताई गई थी। वहीं रेड अलर्ट वाले जिलों में 27 सितंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
