उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट

पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून की ओर से 24 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चंपावत के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में 26 सितंबर को कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ योगेंद्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को पूरी तत्परता और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग के लिए अनुमति न दी जाए। साथ ही भारी बारिश और असामान्य मौसम की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी आवश्यक नियंत्रण रखा जाए।
अपर जिलाधिकारी ने एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ, डब्ल्यूबी और सीपीडब्ल्यूडी समेत सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को निर्देश दिए कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द खोलने की कार्रवाई की जाए।
राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर मौसम और संभावित आपदा की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। अलर्ट अवधि में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के सभी नामित अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी भी हाई अलर्ट पर रहेंगे।
अधिकारियों को अपने वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और अन्य आवश्यक उपकरण रखने को कहा गया है। किसी स्थान पर लोगों के फंसने की स्थिति में तत्काल खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में भी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों तथा कलवर्टों में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने को कहा गया है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा के साथ-साथ जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
