ब्रिक्स के मेहमानों के स्वागत में सजी नई दिल्ली: 15 हजार से ज्यादा गमले, 15 फूलों के बोर्ड और नौ जगह फ्लोरल फाउंटेन

नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान राजधानी पहुंचे विदेशी मेहमानों के सामने नई दिल्ली का नजारा पूरी तरह बदला हुआ दिखा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सम्मेलन से पहले अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों, गोल चक्करों, होटल परिसरों और सरकारी भवनों को फूलों, हरियाली और सजावटी रोशनी से सजाया।
दिन में जहां फूल और गमले शहर की खूबसूरती बढ़ाते रहे, वहीं रात होते ही मुख्य सड़कें और गोल चक्कर रोशनी से जगमगा उठे।
सजावट में क्या-क्या शामिल रहा
- 15 हजार से अधिक गमले: प्रमुख सड़कों, चौराहों, गोल चक्करों और महत्वपूर्ण स्थानों पर 15 हजार से ज्यादा गमले लगाए गए।
- फूलों के बोर्ड और फाउंटेन: ब्रिक्स थीम पर आधारित 15 फ्लोरल बोर्ड तैयार किए गए और नौ स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन लगाए गए।
- 17 गोल चक्करों की साज-सज्जा: 17 प्रमुख गोल चक्करों को सजाया गया, जहां पेड़, झाड़ियों और लैंडस्केप वाले हिस्सों को अपलाइटर, एलईडी और स्ट्रिंग लाइट से रोशन किया गया।
- 10 प्रमुख भवनों पर रोशनी: एनडीएमसी के 10 बड़े भवनों और स्थलों को सजावटी रोशनी से जगमगाया गया।
एयरपोर्ट से भारत मंडपम तक के रास्ते पर विशेष ध्यान
फ्लोरल बोर्ड और फाउंटेन खास तौर पर उन मुख्य मार्गों पर लगाए गए, जो हवाई अड्डे और मेहमानों के लिए तय किए गए होटलों को भारत मंडपम से जोड़ते हैं। ब्रिक्स प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटलों के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई, जहां आसपास के पेड़ों और सड़क के हिस्सों को एलईडी तथा अन्य सजावटी लाइटों से सजाया गया।
चाणक्यपुरी के रोज गार्डन में 107 किस्म के गुलाब
चाणक्यपुरी स्थित करीब तीन एकड़ में फैले ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। यहां घास की कटाई, छंटाई, लैंडस्केपिंग और फूलों की व्यवस्था की गई। इस बगीचे में गुलाब की 107 किस्में मौजूद हैं।
कनॉट प्लेस तीनों दिन खुला रहा बाजार
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सम्मेलन के तीनों दिन कनॉट प्लेस बाजार पूरी तरह खुला रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार आने से पहले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें, क्योंकि सम्मेलन के चलते कई जगह यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहीं।
