BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /world

रोबोट ही बना रहे रोबोट: चीन में हर दस मिनट में तैयार हो रहा एक ह्यूमनॉइड, सालाना क्षमता दस हजार

17 September 2026
रोबोट ही बना रहे रोबोट: चीन में हर दस मिनट में तैयार हो रहा एक ह्यूमनॉइड, सालाना क्षमता दस हजार

बीजिंग: कृत्रिम बुद्धिमत्ता को लेकर दुनियाभर में चल रही बहस के बीच चीन से तकनीकी विकास की नई तस्वीर सामने आई है। यहां रोबोट ही दूसरे रोबोट के निर्माण में मदद कर रहे हैं। यूबीटेक रोबोटिक्स ने एक नई ह्यूमनॉइड रोबोट फैक्ट्री शुरू की है, जिसकी उत्पादन क्षमता दस हजार रोबोट प्रति वर्ष है।

कंपनी का दावा है कि इतनी बड़ी उत्पादन क्षमता वाली यह दुनिया की पहली फैक्ट्री है। गुआंग्शी जुआंग स्वायत्त क्षेत्र के लियूझोउ में स्थित यह इकाई विनिर्माण प्रक्रिया के कुछ हिस्सों को संभालने के लिए खुद रोबोट का इस्तेमाल करती है और हर दस मिनट में एक औद्योगिक ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार कर सकती है।

14,000 वर्ग मीटर में फैली यह फैक्ट्री 13.8 मीटर ऊंची है और मुख्य रूप से यूबीटेक की वाकर एस तथा क्रूजर सीरीज के औद्योगिक ह्यूमनॉइड रोबोट बनाती है। इसे यूबीटेक और सीमेंस डिजिटल इंडस्ट्रीज सॉफ्टवेयर ने मिलकर तैयार किया है।

स्मार्ट ब्रेन संभालता है पूरी फैक्ट्री

फैक्ट्री को एक डिजिटल प्रणाली संचालित करती है, जिसे कंपनी अपना स्मार्ट ब्रेन कहती है। यह तय करती है कि क्या बनाया जाना है, पुर्जों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाती है और तैयार रोबोटों की गुणवत्ता भी जांचती है। हर रोबोट को अपना अलग सीरियल नंबर दिया जाता है।

  • क्रूजर वाई1 और एस2: ये रोबोट सामग्री उतारने, उन्हें व्यवस्थित ढंग से रखने, लोड करने और उत्पादन क्षेत्र में एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने का काम करते हैं।
  • एक ही लाइन, कई मॉडल: कंपनी के अनुसार एक ही उत्पादन लाइन पर रोबोट के अलग-अलग मॉडल बनाए जा सकते हैं, पूरी तरह अलग असेंबली सिस्टम की जरूरत नहीं पड़ती।
  • इंसानी निगरानी: स्मार्ट और दूसरी मशीनें आपस में मिलकर काम करती हैं और इस प्रक्रिया में इंसानों की निगरानी बहुत कम रहती है।

चार घंटे की जांच के बाद निकलता है रोबोट

फैक्ट्री से किसी ह्यूमनॉइड रोबोट के बाहर निकलने से पहले उसकी विस्तृत जांच होती है, जिसमें करीब चार घंटे लगते हैं। इसके बाद 360 डिग्री विजुअल इंस्पेक्शन किया जाता है, जिसमें हर कोण से रोबोट की बाहरी स्थिति और बनावट परखी जाती है।

चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार देश में जुलाई में 98,677 औद्योगिक रोबोट बनाए गए, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 30.2 प्रतिशत अधिक है। इस साल के पहले सात महीनों में औद्योगिक रोबोटों का उत्पादन 6,35,056 इकाइयों तक पहुंच गया, जो साल-दर-साल 28.5 प्रतिशत की वृद्धि है।