शारदीय नवरात्रि 2026: 11 अक्तूबर से होगी शुरुआत, हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा

नई दिल्ली: शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व अगले महीने शुरू हो रहा है। उदयातिथि के अनुसार इस बार नवरात्रि का आरंभ 11 अक्तूबर 2026 से होगा और समापन 20 अक्तूबर को विजयादशमी के साथ होगा।
पंचांग के अनुसार आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 10 अक्तूबर को रात 9 बजकर 19 मिनट से शुरू होगी और 11 अक्तूबर को रात 9 बजकर 30 मिनट पर समाप्त होगी। उदयातिथि की गणना के चलते नवरात्रि 11 अक्तूबर से मानी जाएगी।
इस बार माता का वाहन हाथी
इस साल शारदीय नवरात्रि का प्रारंभ रविवार के दिन हो रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार जब नवरात्रि की शुरुआत रविवार से होती है तो मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं। हाथी पर आगमन को बेहद शुभ माना जाता है, जो सुख-समृद्धि का संकेत देता है।
मान्यता है कि नवरात्रि के ये नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना के लिए समर्पित होते हैं। इस दौरान भक्त पूरे विधि-विधान के साथ माता की पूजा करते हैं और व्रत रखते हैं। आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्रि आरंभ होकर दशमी तिथि पर इसका समापन होता है।
नवरात्रि 2026 का पूरा कैलेंडर
- 11 अक्तूबर: पहला दिन, मां शैलपुत्री पूजा और घटस्थापना।
- 12 अक्तूबर: दूसरा दिन, मां ब्रह्मचारिणी पूजा।
- 13 अक्तूबर: तीसरा दिन, मां चंद्रघंटा पूजा।
- 14 अक्तूबर: चौथा दिन, मां कूष्मांडा पूजा।
- 15 अक्तूबर: पांचवां दिन, मां स्कंदमाता पूजा।
- 16 अक्तूबर: छठा दिन, षष्ठी और मां कात्यायनी पूजा।
- 17 अक्तूबर: सातवां दिन, सप्तमी और मां कालरात्रि पूजा।
- 18 अक्तूबर: आठवां दिन, अष्टमी पूजा।
- 19 अक्तूबर: नौवां दिन, नवमी पूजा।
- 20 अक्तूबर: दुर्गा विसर्जन और विजयादशमी।
शारदीय नवरात्रि के साथ ही त्योहारों का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो जाता है, जिसकी रौनक धनतेरस, दिवाली और छठ तक बनी रहती है। यही वजह है कि नवरात्रि की तारीखों का इंतजार घर-घर में रहता है।
