टिहरी में चीड़ के पेड़ पर दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गजा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित फलसारी बौंर डांडा के पास एक चीड़ के पेड़ पर तेंदुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने दूर से तेंदुए का वीडियो और फोटो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ काफी देर तक चीड़ के पेड़ पर बैठा रहा। उसे भगाने के लिए लोगों ने शोरगुल भी किया, लेकिन तेंदुआ अपनी जगह से नहीं हटा। कुछ देर बाद वह पेड़ से नीचे उतरा और जंगल की ओर चला गया। तेंदुआ दिखाई देने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना वन विभाग के साथ नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान को दी गई। जानकारी मिलते ही नई टिहरी रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। टीम ने तेंदुए की गतिविधियों और संभावित आवाजाही वाले स्थानों की जानकारी जुटाई।
वनबीट अधिकारी बलबीर सिंह पंवार ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से शाम के समय ग्रामीणों के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। हालांकि, अभी तक तेंदुए की दोबारा लोकेशन नहीं मिल पाई है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को अकेले घर से बाहर न भेजें। खासकर शाम के बाद जंगल या सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचने को कहा गया है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से फलसारी क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने की मांग की है। इससे तेंदुए की गतिविधियों और आवाजाही पर लगातार नजर रखने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी और गश्त को और मजबूत किया जाना जरूरी है।
