चमोली की भागीरथी बिष्ट ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, हैदराबाद मैराथन में जीता रजत पदक

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल विकासखंड स्थित वाण गांव की रहने वाली धावक भागीरथी बिष्ट ने अपनी शानदार उपलब्धि से प्रदेश का नाम रोशन किया है। हैदराबाद में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में उन्होंने 42 किलोमीटर की दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। भागीरथी ने यह लंबी दूरी की दौड़ महज 2 घंटे 51 मिनट में पूरी की।
प्रतियोगिता के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने भागीरथी बिष्ट को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि के बाद चमोली से लेकर देवाल और वाण गांव तक खुशी का माहौल है।
भागीरथी के कोच सुनील शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वह लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी मेहनत का नतीजा है कि उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई है।
इससे पहले भागीरथी ईरान में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
भागीरथी बिष्ट ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ मैराथन प्रतियोगिताओं में पदक जीतना नहीं, बल्कि ओलंपिक खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। वह अपने इस सपने को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत और प्रशिक्षण जारी रखे हुए हैं।
भागीरथी की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी खुशी जताई। विधायक भूपाल राम टम्टा, कांग्रेस नेता संदीप पटवाल समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
