BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /up/ गौतमबुद्ध नगर

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 सितंबर से, ग्रेटर नोएडा में जुटेंगे देश-विदेश के खरीदार

18 September 2026
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 सितंबर से, ग्रेटर नोएडा में जुटेंगे देश-विदेश के खरीदार

ग्रेटर नोएडा: प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाले चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तारीखों का ऐलान हो गया है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, उत्पादों, सरकारी विभागों और विकास प्राधिकरणों को वैश्विक खरीदारों तथा निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

घरेलू कारोबारी खरीदारों के लिए अब तक 45 हजार से ज्यादा पंजीकरण हो चुके हैं और आयोजन की तारीख नजदीक आने के साथ यह संख्या लगातार बढ़ रही है। आयोजकों ने घरेलू खरीदारों का लक्ष्य डेढ़ लाख से अधिक रखा है।

अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के 1500 पंजीकरण

अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी के लिए करीब 1500 पंजीकरण मिले हैं। इनके साक्षात्कार भी हो चुके हैं। इनमें से 500 से ज्यादा खरीदारों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है और 300 से अधिक खरीदारों के टिकट सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है। भागीदारी के लिहाज से जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया की पुष्टि हो चुकी है, जबकि थाईलैंड की स्थिति का इंतजार है।

प्रदर्शनी के लिए 36,500 वर्गमीटर क्षेत्र की बुकिंग पूरी हो चुकी है और करीब एक हजार वर्गमीटर की बुकिंग और संभावित है। इस क्षेत्र में प्रदेश की औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षमता को अलग-अलग सेक्टरों के जरिये दिखाया जाएगा।

कार्यक्रम में क्या-क्या

  • उद्घाटन: 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न में प्रस्तावित है।
  • समापन एवं पुरस्कार: 29 सितंबर को दोपहर 12 से 1 बजे तक आयोजित करने की योजना है।
  • नॉलेज सेशन: आयोजन के दौरान 20 सत्र संभावित हैं।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: 25 कार्यक्रमों के लिए स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।

राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस बैंड का प्रस्ताव भी रखा गया है। निवेश और निर्यात से जुड़ी नीतियों के लिहाज से यह आयोजन प्रदेश के उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, निर्यातकों और औद्योगिक संस्थानों के लिए बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों और साझेदारी की संभावनाओं पर सीधे संवाद का मौका मिलेगा।