सीएम धामी ने की हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा, जिलाधिकारियों को तहसीलों के औचक निरीक्षण के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को तहसीलों का औचक निरीक्षण करने और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में शिकायतों की संख्या अधिक है, वहां जिलाधिकारी विभागवार समीक्षा करें। एक ही प्रकृति की शिकायतें बार-बार सामने आने के कारणों का भी विश्लेषण किया जाए, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने तहसीलों के निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
भूमि धोखाधड़ी के मामलों पर सख्ती
सीएम धामी ने कहा कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए आम लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों पर विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित हो।
15 दिन में पाइपलाइन और सीवर लाइनों का होगा ऑडिट
मुख्यमंत्री ने स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन के भीतर ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। पेयजल आपूर्ति में व्यवधान, लीकेज और अन्य तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। सचिव, विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करेंगे। इस दौरान 180 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार स्थिति भी प्रस्तुत की गई।
शिकायतकर्ताओं से सीएम ने की सीधे फोन पर बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समीक्षा के दौरान कुछ शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। संजय कुमार रावत ने अपने दिवंगत पिता के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान न होने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पौड़ी गढ़वाल निवासी बेबी कोटनाला ने परित्यक्ता पेंशन से जुड़ी समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी पौड़ी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, हरिद्वार निवासी गीता ने पेयजल आपूर्ति शुरू न होने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने को कहा।
देहरादून की शिल्पी सक्सेना और अल्मोड़ा के आयुष बिष्ट ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायतों का समाधान होने पर सरकार और अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
