BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /delhi/ नई दिल्ली

दिल्ली: छूटे मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष शिविर, 20 और 27 सितंबर को हर मतदान केंद्र पर मौका

20 September 2026
दिल्ली: छूटे मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष शिविर, 20 और 27 सितंबर को हर मतदान केंद्र पर मौका

नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में छूट गए पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल करने के लिए निर्वाचन कार्यालय विशेष शिविर लगाएगा। दिल्ली के सभी मतदान केंद्रों पर 20 और 27 सितंबर को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक ये शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें पात्र लोग मौके पर ही अपना आवेदन जमा करा सकेंगे।

रैन बसेरों में शाम के समय लगेंगे अलग शिविर

बेघर मतदाताओं, थर्ड जेंडर और यौन कर्मियों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए 23 और 24 सितंबर को रात्रि आश्रय स्थलों तथा दूसरे संबंधित इलाकों में शाम पांच से रात नौ बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का समय जानबूझकर शाम में रखा गया है, ताकि दिनभर काम पर रहने वाले लोग भी बिना किसी दिक्कत के पहुंच सकें।

ड्राफ्ट सूची में 97 लाख से अधिक मतदाता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार एसआईआर के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में 97,53,577 मतदाता हैं। घर-घर सत्यापन के दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों ने 47,56,722 ऐसे मतदाताओं की पहचान की, जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, अनुपस्थित हैं, जिनका निधन हो चुका है या जिनका नाम एक से अधिक जगह दर्ज है।

  • 43,32,775: स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित या अन्य श्रेणी के मतदाता।
  • 2,82,412: ऐसे नाम, जिनके धारकों का निधन हो चुका है।
  • 1,41,535: एक से अधिक जगह दर्ज डुप्लीकेट प्रविष्टियां।

बेला एस्टेट में विशेष अभियान से मिले 309 आवेदन

निर्वाचन कार्यालय ने चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के बेला एस्टेट का उदाहरण दिया है। एसआईआर से पहले बस्ती टूटने के कारण कई मतदाता अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले थे और उनके आवेदन जमा नहीं हो सके थे। बाद में चलाए गए विशेष अभियान में वहां से 309 आवेदन प्राप्त हुए। इसी अनुभव के आधार पर अब पूरे शहर में शिविर लगाने की योजना बनाई गई है।

नोटिस पाने वालों को देने होंगे दस्तावेज

एसआईआर के तहत अब तक 31,63,930 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। ये उन मतदाताओं को दिए गए हैं, जिनका नाम पिछली गहन पुनरीक्षण सूची से जुड़ नहीं पाया या जिनके रिकॉर्ड में कोई विसंगति मिली। नोटिस पाने वालों को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के सामने जवाब और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इन नोटिसों का निपटारा 29 अक्तूबर तक किया जाना है।